महोबा। पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त किए गए प्रेक्षक अखिलेश कुमार ने गुरुवार को विकासखंड कबरई का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ब्लाक में मौजूद अधिकारियों को चुनाव संबंधी जानकारी दी। इस मौके पर प्रेक्षक ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक कर चुनाव की समीक्षा की।
प्रेक्षक ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जाएंगे, इसके लिए अधिकारी कमर कस लें। उन्होंने बताया कि विकासखंड कबरई की ग्राम पंचायत पवा, छिकहरा, कोहारी, ग्याड़ी, बरातपहाड़ी, डहर्रा, ननौरा, पहरा, सुरहा, छानीकला, पुरा, डढहतमाफ, भंडरा, डिगरिया, सिजवाहा, रिवई, सुनैचा, धरौन, मकरबई, श्रीनगर, बरबई सहित 22 ग्राम पंचायतों के मतदान स्थलों में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने बताया कि 51 मतदान स्थलों का सम्मलित वार्डों में संशोधन किया गया है, जबकि ग्राम पंचायत डिगरिया एवं श्रीनगर में एक-एक अतिरिक्त मतदान स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 94 ग्राम पंचायतों के लिए 1057 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। उन्होंने चुनाव स्थलों की व्यवस्था पर असंतोष जताया। सुरक्षा तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक से बात की और सुरक्षित व्यवस्था की अपेक्षा की है। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को संवेदनशील बूथों का चिन्हित कर भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रधान प्रत्याशियों के खर्च का ब्योरा जानने के लिए कमेटी गठित करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है, जिसका नंबर 244084 है।
प्रेक्षक ने जमाया डेरा
पंचायत चुनाव के लिए जिले में नियुक्त किए गए प्रेक्षक अखिलेश कुमार ने जिले में डेरा जमा लिया है। वह विरमा भवन बजरिया में ठहरे हुए हैं। प्रेक्षक का मोबाइल नंबर 09415214239 है। किसी भी तरह की शिकायत संबंधी सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।