महोबा। कोरोना की काली छाया से महोबा जिला मुक्त होता नजर आ रहा है। जिले में पिछले 13 दिनों से एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में राहत है। हालात यह हैं कि अब स्वास्थ्य विभाग ने कलक्ट्रेट में खनिज विभाग के कार्यालय के बगल में बनाए गए कोविड-19 एकीकृत कंट्रोल रूप से डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी ली है।
सीएमओ डॉ.मनोज कांत सिन्हा ने बताया कि बीते 9 जनवरी से अभी तक महोबा जिले में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। हालांकि 16 जनवरी को झांसी में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला था, जो रहता झांसी में है पर मूल निवासी महोबा का है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के शुरुआती दौर से लेकर अब तक जिले में 1471 मरीज मिले हैं। इनमें से 12 मरीजों की मौत पिछले दिनों हो चुकी है। बकौल सीएमओ जिले में किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। जिन मरीजों की मौत हुई है, वह प्रदेश व दिल्ली के चिकित्सीय संस्थानों में अपना इलाज करा रहे थे।