मतगणना स्थल का निरीक्षण कर निर्देश देतीं एसपी सुधा सिंह।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंच तैयारियों को देखा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि मतगणना से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
जिले की दोनों विधानसभा सीट महोबा सदर व चरखारी का मतदान तीसरे चरण में 20 फरवरी को हुआ था। मतदान के बाद ईवीएम व वीवीपैट राजकीय पॉलीटेक्निक में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखे हैं। तीन घेरे में 24 घंटे अर्द्ध सैनिक बल व पुलिस फोर्स तैनात है। मतगणना में महज छह दिन का समय शेष होने के चलते तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। जिला प्रशासन बैरिकेडिंग के साथ अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने में जुट गया है।
गुरुवार को एसपी ने मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। उन्होंने चुनाव सेल प्रभारी उमापति मिश्रा को सुरक्षा संबंधी अन्य आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि मतगणना को लेकर पर्याप्त पुलिस प्रबंधन करते हुए ड्यूटी लगाईं जाएं। उन्होंने यातायात प्रभारी अनिरुद्ध सिंह को मतगणना के समय जिले में यातायात को लेकर विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए।