मृतका नवविवाहिता अंजलि की फाइल फोटो।
- फोटो : MAHOBA
खन्ना (महोबा)। पांच दिन पूर्व बेटी की विदाई के वक्त सिलिंडर फटने पर खौलते तेल से झुलसी तीन और महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को दम तोड़ने वाली इन तीन महिलाओं में वह बेटी भी शामिल है, जिसने पांच दिन पहले ही सुहाग का जोड़ा पहना था। नवविवाहिता के अलावा उसकी दो चाची ने भी दम तोड़ दिया है। परिवार में तीन मौतों से कोहराम मचा हुआ है। नवविवाहिता की दादी की सोमवार को ही मौत हो चुकी है। हादसे में झुलसी चार महिलाओं की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। हादसे में एक ही परिवार की सात महिलाएं झुलसी थी।
मौजा सिरसीकलां निवासी मुन्ना श्रीवास की पुत्री अंजलि की शादी नौ फरवरी को जनपद झांसी के गरौठा निवासी प्रवेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद अंजलि मायके आ गई थी। बीती 17 फरवरी को वर पक्ष के लोग पहली विदा के लिए घर आए थे। रिश्तेदारों के स्वागत के लिए परिवार की महिलाएं भोजन पका रहीं थी। तभी तेज धमाके के साथ पास में रखा छोटा सिलिंडर फट गया था। सिलिंडर फटने से कड़ाई में बन रही मिठाई का गर्म तेल उछलने से नवविवाहिता अंजलि (21), मां कौशल्या उर्फ बिट्टन (40), चाची सुशीला (35), प्रेमा (42) व सुधा (36), दादी जमुनिया (65) व सुकर्तिन (52) बुरी तरह झुलस गईं थीं। जिन्हें इलाज के लिए झांसी भेजा गया था।
सोमवार की देर शाम झांसी में इलाज के दौरान नवविवाहिता की दादी जमुनिया की मौत हो गई थी। मंगलवार को नवविवाहिता अंजलि, उसकी चाची सुधा व प्रेमा की भी इलाज के दौरान मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। सभी शवों का पोस्टमार्टम झांसी में कराया जा रहा है। देर रात तक तीनों के शव गांव पहुंचने की संभावना है। परिजनों ने बताया कि परिवार की तीन अन्य महिलाओं की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
मृतका प्रेमा की फाइल फोटो।- फोटो : MAHOBA
मृतका सुधा की फाइल फोटो।- फोटो : MAHOBA