पाकिस्तान से लौटे सुनील से बात करते लोग।
- फोटो : MAHOBA
कबरई (महोबा)। नौ नवंबर 2017 से पाकिस्तान के सिंध करांची की लांडी जेल में निरुद्ध चल रहे 20 भारतीय मछुआरों को पाकिस्तानी शासन द्वारा 23 जनवरी को सकुशल भारत भेज दिया गया था। उनमें से लिलवाही गांव निवासी सुनील कुशवाहा सहित बुंदेलखंड के पांच मछुआरे कामतानाथ की परिक्रमा करने के बाद रविवार के दिन अपने अपने घर पहुंचे। सोमवार को सुनील का हाल जानने के लिए कई लोग घर पहुंचे।
थाना क्षेत्र के लिलवाही गांव निवासी सुनील कुशवाहा रविवार की रात्रि जैसे ही घर पहुंचा वैसे ही उसके परिवार सहित पूरे गांव में भारी जश्न मनाया गया। मछुआरे की पत्नी रेखा व बेटियों खुशबू व रोशनी की आंखों में खुशी के आंशू भी छलक पड़े। सोमवार की सुबह से ही पाकिस्तान की जेल से छूटकर आए सुनील कुशवाहा को देखने के लिए दूर दराज से पंहुंचे लोगों का तांता लगा रहा, कई लोगों द्वारा सुनील के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया में भी खूब वायरल की गईं। तथा आसपास क्षेत्र में लिलवाही गांव जनता के लिए चर्चा का विषय बना रहा। चल रहे विधानसभा चुनाव के कारण कई दलों के समर्थक भी सुनील कुशवाहा के दरवाजे पर पहुंचे। सभी ने अपने अपने तरीके से सुनील कुशवाहा के परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।