महोबा। जिलाधिकारी मनोज कुमार ने एडीएम आरएस वर्मा के साथ बब्बू सिंह महाविद्यालय खन्ना में लगे विशेष कोविड टीकाकरण कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी छात्र- छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। सभी विद्यार्थी जो 15 वर्ष से 18 वर्ष के बीच में आते हैं, टीके की खुराक अवश्य लें।
कोरोना महामारी का संकट अभी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अपने घर-परिवार तथा पड़ोस के लोगों को भी टीका लेने के लिए जागरूक करें। एएनएम को निर्देश दिए कि पूरे विद्यालय में निर्धारित उम्र के मध्य का एक भी विद्यार्थी टीका लेने से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने खन्ना ग्राम प्रधान से कहा कि वे अपने क्षेत्र के सभी गोवंशों को संरक्षित कराएं और सर्दी से गोवंश को बचाने के लिए गोशालाओं में पर्याप्त इंतजाम कराएं। इस मौके पर उन्होंने पंचायत सचिव व अन्य स्थानीय कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि रोस्टर के अनुसार पंचायत सचिवालय में बैठें और लोगों की समस्याओं को निस्तारित करें। इस दौरान एसडीएम सदर जीतेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान खन्ना रतन प्रजापति मौजूद रहे।