तालाब के किनारे मरी पड़ी मछलियां
- फोटो : MAHOBA
खन्ना (महोबा)। कस्बा खन्ना के मुख्य बाजार स्थित सोने तालाब में नाला व सीवर का गंदा पानी जाने से तालाब का पानी दूषित हो गया है। दो दिन के अंदर तालाब की हजारों मछलियों की मौत हो गई। मछलियों की मौत से उठ रही दुर्गंध से ग्रामीण परेशान है।
20 बीघा के क्षेत्रफल में फैले सोने तालाब में मुख्य बाजार समेत आधे कस्बे का गंदा पानी जाता है। नाले के माध्यम से सीवर का पानी पहुंचने से तालाब का पानी दूषित हो रहा है। मछली पालन के तहत तालाब में डाली गईं हजारों मछलियों की दो दिन के अंदर मौत हो गई।
ठेकेदार रामरतन कुमुद ने बताया कि नाले का पानी आने से तालाब गंदा हो गया है। जिससे मछलियों की मौत हुई है। मछलियों की मौत होने से उसे एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, तालाब से उठ रही दुर्गंध से आसपास रहने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो रहा है। लोगों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है। उधर, थानाध्यक्ष खन्ना शिवआसरे का कहना है कि उन्हें मछलियों की मौत होने के मामले की जानकारी नहीं है।