सदर विधायक को ज्ञापन सौंपते क्रशर उद्यमी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/कबरई। पिछले कई वर्षों से बदहाल पत्थर मंडी को उबारने के लिए क्रशर संचालकों ने सदर विधायक राकेश गोस्वामी के आवास पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब हो कि जिले के तत्कालीन जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा सितंबर माह में भंडारित ग्रिट व वेस्टेज डस्ट को ई-टेंडरिंग के माध्यम से नीलाम करने हेतु विज्ञापन प्रकाशित करवाकर टेंडर आमंत्रित किए गए थे। टेंडरों को 26 अक्तूबर को खोला जाना था लेकिन टेंडरों को जिला प्रशासन द्वारा अभी तक नही खोला गया है। जिससे उद्यमियों में निराशा है। वहीं पत्थर मंडी ठीक से संचालित न होने से लाखों मजदूर रोजगार छिन गया है।
यूनियन के अध्यक्ष बालकिशोर द्विवेदी ने कहा कि संचालन होने से जिले के क्रशर उद्योग को नई ऊर्जा के साथ पुनर्जीवन मिल सकेगा। उद्यमियों को राहत व मजदूर वर्ग को रोजगार मिलेगा। महामंत्री देवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि नए आवंटित खनन क्षेत्रों की पर्यावरणीय अनापत्ति आ जाने से क्रशर एवं खनन उद्योग हमेशा के लिए बंदी के दौर से उबर जाएगा। सदर विधायक ने शासन स्तर पर प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर यूनियन के कोषाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह, लाला महाराज, प्रमोद त्रिपाठी, मनीष अग्रवाल, मनोज जैन, जयकिशोर शिवहरे, उपेंद्र शुक्ल, नितिन त्रिपाठी, महेश गुप्ता, बबलू कुशवाहा सहित सैकड़ों क्रशर व्यापारी मौजूद रहे।