महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में छह महिलाओं समेत 19 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
कोतवाली चरखारी के रिवई गांव निवासी गौरीशंकर, पट्टूदेवी, मंगल, काजल व चिकासी हमीरपुर निवासी भगवानदास मंगलवार की सुबह आटो से किसी काम से जनपद छतरपुर गए थे। लौटते समय श्रीनगर गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक को बचाने में आटो अनियंत्रित होकर सड़क में लगे पेड़ से टकरा गया।
जिससे आटो सवार सभी लोग घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी तरह थाना खरेला के कुआं गांव निवासी सुदीप अपनी दादी फूलादेवी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में अन्ना जानवर को बचाने में दोनों घायल हो गए। वहीं गांधीनगर निवासी रामनाथ, ग्योड़ी निवासी कल्पना, करहराकला निवासी प्रिंस, बम्हौरीकलां निवासी राजाबाई, लवकुशनगर निवासी रामअवतार , काली पहाड़ी निवासी जयसिंह, बिहार कुलपहाड़ निवासी आशारानी , खरेला निवासी धनीराम, करहराकला निवासी करिश्मा, पचपहरा निवासी आयुष, कुर्रही हमीरपुर निवासी लक्ष्मी व राजकली अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।