महोबा के ऐचाना-खरेला मार्ग पर एक दिन पहले हुई किसान की संदिग्ध हालात में मौत के बाद खरेला थाने में कबरई ब्लाक प्रमुख व दो सगे भाइयों समेत तीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ के साथ मौके का निरीक्षण किया।
साथ ही घटना स्थल के आसपास खेतो में काम करने वाले कृषकों से पूछताछ की। थाना खरेला के ऐचाना मार्ग पर इमली कुआ के पास 9 दिसंबर दोपहर करीब 12 बजे पहरेथा निवासी जीतू सिंह (28) पुत्र गंगा सिंह को सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
मौके पर पहुंचीं कोबरा पुलिस और थाना फोर्स ने मरणासन्न अवस्था में उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया था। हालत गंभीर होने पर उसे झांसी रेफर किया गया और रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को हुए पोस्टमार्टम बाद देर शाम मृतक के चचेरे भाई नितिन कुमार पुत्र रंजीत सिंह की तहरीर पर खरेला निवासी अवनिद्र सिंह उर्फ राजू सिंह (ब्लाक प्रमुख कबरई) और उन्ही के रिश्तेदार दो सगे भाई पुपवारा निवासी रघुराज सिंह, संतोष कुमार सिंह पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक आर के गौतम, सी ओ रामप्रवेश, थाना प्रभारी दिनेश कुमार तिवारी के साथ घटना स्थल का गहन निरीक्षण किया। एसपी ने आसपास खेतो में काम करने वाले 50 किसानों से जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।