कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता
- फोटो : MAHOBA
महोबा। लव जेहाद की घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच डीएम को ज्ञापन सौंपा। थाना श्रीनगर के ननौरा गांव में एक विशेष समुदाय के युवक द्वारा हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और अपने साथ रखे होने के मामले पर कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। उन्होंने पुलिस पर भी ऐसे मामले में गंभीरता न दिखाने पर जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष जागेश्वर प्रसाद सोनी, विजय तिवारी, अंकित राजपूत, अनिल राठौर, मोहनलाल, महेश सिंह, देवेंद्र प्रजापति आदि ने डीएम सत्येंद्र कुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जिले में लवजेहाद की घटनाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ गलत रवैया अपना रहा है। जिससे लव जेहाद व धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ रही हैं। बताया कि थाना श्रीनगर के ननौरा गांव में रैकवार समुदाय की युवती क
ो एक विशेष समुदाय का युवक दो अगस्त को भगा ले गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को बरामद कर लिया। आरोप लगाया कि एक सप्ताह तक युवती को थाने में बैठाए रखने के बाद पुलिस ने युवक के साथ उसे भेज दिया। उन्होंने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि लव जेहाद के मामलों में पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं करती तो कार्यकर्ता आंदोलन को मजबूर होंगे।
उधर थानाध्यक्ष श्रीनगर अनिल कुमार का कहना कि युवती के बयान दर्ज कराए गए थे। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम ने आदेश दिए थे कि युवती बालिग है और अपनी इच्छा के अनुसार जहां जाना चाहती है, जा सकती है। जिसके बाद युवती परिजनों के बजाय युवक के साथ जाने को तैयार हो गई।