पनवाड़ी (महोबा)। ग्राम पंचायत पनवाड़ी में वार्ड नौ में हैडपंप खराब होने से प्रजापति मोहल्ले को लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी के लिए महिलाएं रात में लाइन लगाकर अपनी बारी आने का इंतजार करती हैं। वार्ड में कुल चार हैंडपंप लगे हैं जिसमें तीन खराब पड़े हैं एक हैंडपंप में पानी गंदा पानी आता है।
मंगलवार की रात वार्ड नौ में महिलाएं और पुरुषों ने पानी की समस्या पर नारेबाजी की और कहा कि अगर दो दिन में पानी की समस्या हल नही हुई तो ग्राम पंचायत सचिवालय का घेराव किया जाएगा। पानी के लिए ग्रामीण सुबह के तीन बजे से दूसरे वार्ड से पानी भरने के लिए जाते हैं। देवीदीन ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर अब तक एक भी बार टैंकर नही आया। देवेंद्र प्रजापति का कहना है कि एक बाल्टी से काम चला रहे हैं। पानी की समस्या के चलते किसी दिन तो बिना नहाए रहना पड़ता है। कई बार ग्राम प्रधान और ब्लाक मुख्यालय में भी अवगत कराया फिर भी कोई सुनवाई नही हुई है। तुलसीदास ने बताया के जिलाधिकारी महोबा के पास भी पानी की समस्या लेकर दर्जनों लोग लोग गये थे, लेकिन समस्या जस की तस है।
खंड विकास अधिकारी राहुल पांडेय का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं हैं, खराब हैंडपंपों को सही कराया जाएगा।