खरेला (महोबा)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत बनाई जा रही सड़क में घटिया निर्माण की परतें खुलने लगी हैं। बारिश के मौसम में मिट्टी धसकने से कई स्थानों पर सड़क खोखली हो गई है। ऊपरी सतह पर कंक्रीट करके पेंटिंग का कार्य कराया गया है। ऐसे में बड़े वाहन निकलने पर सड़क धसकने से बड़े हादसे की आशंका है। ग्रामीणों ने कार्यदाई संस्था पर मानक के विपरीत कार्य कराने का आरोप लगाया है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना की जिले के सीमा से निकली सड़क निर्माण में कार्यदाई संस्था के ठेकेदार जल्दबाजी के चक्कर में मानकों को ठिकाने लगा रहे हैं। इसकी बानगी निर्माणाधीन सड़क पर कई जगह उजागर हो रही है। किलोमीटर संख्या 110 के 300 मीटर दूर सड़क की ऊपरी सतह पर कंक्रीट करके पेंटिंग का कार्य कराया गया है लेकिन सड़क के नीचे पांच फीट ऊंची डाली गई मिट्टी बारिश में धसक गई है। इससे सड़क खोखली हो गई है।
सड़क के नजदीक खेती का कार्य कर रहे जगनंदन ने बताया कि ठेकेदारों ने आसपास से काली मिट्टी चोरी छिपे सड़क निर्माण के समतलीकरण में लगाई गई। इससे मिट्टी धसक रही है और हादसों की आशंका बनी है। किमी 109 के 800 मीटर पर सड़क का पानी निकालने के लिए बनाई जा रहीं नालियों में निर्धारित सरिया का जाल न डालने से नालियां अभी से दरकने लगी है। कार्यदाई संस्था अशोका बिल्डकान के साइट इंचार्ज विवेक कुमार धमला का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं है, जांच की जाएगी। उधर, एडीएम रामसुरेश वर्मा का कहना है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना सरकार का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसमें किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क के मानकों की जांच के लिए लिखा जाएगा।
इनसेट...
जलभराव से किसान की फसल बर्बाद
खरेला। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के तहत चल रहे सड़क निर्माण में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न करने से खरेला के किसान पुष्पेंद्र सिंह की दस बीघा मूंगफली की फसल जलभराव से सड़ गई। किसान की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे अशोका बिल्डकान के इंचार्ज विवेक धमला ने मौके पर पहुंचकर किसान की बर्बाद फसल देखी। पीड़ित ने बताया कि उसने एक वर्ष के लिए 50 हजार रुपये में खेत बलकट पर लेकर खाद, बीज और जुटाई-बुआई कराई थी। कार्यदाई संस्था के ठेकेदारों की लापरवाही से फसल बर्बाद हुई है। चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने नुकसान की भरपाई नहीं की तो वह परिवार समेत आंदोलन के लिए मजबूर होगा।