महोबा। कोतवाली क्षेत्र के शाहपहाड़ी निवासी गंभीर (23) फोटोग्राफी का काम करता है। शनिवार को वह घर था। तभी उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप लगाया कि गांव के ही दबंग ने एक लाख रुपये देने की मांग करते हुए शाम तक देने को कहा और न देने पर देख लेने की धमकी दी। जिससे आहत होकर उसने जहर खा लिया। इसी तरह सालट निवासी अनीता (35), बरातपहाड़ी निवासी विलमेश (27), पठा निवासी अर्चना (28) और लाड़पुर निवासी गीता (30) ने घर पर जहर खाकर जान देने की कोशिश की। (संवाद)
सड़क दुर्घटनाओं में चार घायल
महोबा। अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। कोतवाली चरखारी के सालट गांव निवासी आशाराम (45) रविवार की सुबह किसी कार्य से बाइक से खेत जा रहा था। तभी रास्ते में एकाएक आए अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी तरह बारीगढ़ निवासी पप्पू, लवकुशनगर निवासी मुन्ना व मुख्यालय निवासी रघुवीर अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। (संवाद)
महिला की संदिग्ध हालात में मौत
महोबा। एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के पलका निवासी रामकुंवर (64) की शनिवार की रात अचानक हालत बिगड़ गई। आनन-फानन परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां रविवार की दोपहर उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के दामाद बाबूलाल ने बताया कि चार माह से रामकुंवर का जम्मू में पथरी इलाज चल रहा था। देर शाम हालत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। हालांकि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बगैर ही घर ले गए। (संवाद)