श्रीनगर (महोबा)। जिले में खाद को लेकर हालात बेकाबू हो गए हैैं। सोमवार को कबरई ब्लॉक के भंडरा रोड पर कृषि विभाग द्वारा संचालित खाद दुकान से किसानों ने 25 बोरी खाद लूट ली। हंगामे और अफरा-तफरी के बीच संचालक दुकान का ताला लगाकर जान बचाकर भाग निकला। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
कृषि विभाग ने इफ्को कंपनी की डीएपी खाद किसानों को बेचने के लिए श्रीनगर में भंडरा निवासी राजेंद्र राजपूत को अधिकृत किया था। सोमवार को सुबह खाद वितरण शुरू हुआ। खाद बंटने की खबर लगते ही सैकड़ों किसानों जुट गए। कई पहले खाद लेने के लिए संचालक पर दबाव बनाने लगे। इसी बीच किसानों की संचालक से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर किसान संचालक को मारने-पीटने पर आमादा हो गए।
नंबर के आधार पर किसानों को खाद बांटे जाने की बात कहने पर भड़के किसान दुकान में घुस गए और 25 बोरी खाद लूट ली। किसानों का आक्रोश देख दुकानदार किसी तरह जान बचाते हुए दुकान का ताला डालकर भाग निकला। इसके बाद किसान भी खिसक गए। पीड़ित संचालक राजेंद्र राजपूत का कहना है कि वे आधार कार्ड से किसानों को खाद वितरण कर रहे थे लेेकिन कुछ किसानों ने हंगामा कर दिया और 25 बोरी खाद लूट ले गए। इसकी रिपोर्ट थाना श्रीनगर में दर्ज कराई जाएगी।