महोबा/कबरई। नये कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों का भारत बंद जिले में बेअसर रहा। बुंदेलखंड किसान यूनियन व भाकियू पदाधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे। जिले के बाजार व दुकानें खुलीं रहीं। किसानों के समर्थन में जिला अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष भारत विशाल शुक्ला के आह्वान पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा के निर्देश पर पदाधिकारियों ने शहर में भ्रमण कर व्यापारियों से दुकानें बंद करने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने शहर के मुख्यमार्ग में नारेबाजी की। तहसील पहुंचकर एसडीएम मोहम्मद अवेश को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कृषि कानून वापस लेने समेत अन्य मांगे उठाईं। प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र पटेल, संगठन प्रभारी बालाजी, राष्ट्रीय सचिव अखिलेश रावत, सीताराम नायक, अनिल सुल्लेरे, महिला मोर्चा अध्यक्ष किरन पाठक, पुष्पा देवी शामिल रहे।
कबरई संवाद के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामखिलावन शुक्ला के नेतृत्व में पदाधिकारी व किसान कस्बे के मराठे स्थित हनुमान मंदिर में एकत्र हुए। जहां धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बालकृष्ण सिंह को सौंपा। जिसमें कबरई-कुनहेटा मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की निकासी बंद कराए जाने आदि मांग की। इस मौके पर पर यूनियन के रामआसरे शुक्ला, हरीहर दीक्षित, सुखलाल वर्मा, दीपक तिवारी, अमित पालीवाल, गयादीन यादव, रामजीवन निषाद, मुन्नीलाल मौजूद रहे। कुलपहाड़ संवाद के अनुसार भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। हालांकि कस्बे के बाजार व मुख्य दुकानें खुलीं रहीं।
कबरई में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते भाकियू कार्यकर्ता- फोटो : MAHOBA
कस्बा कुलपहाड़ में मुख्य बाजार की खुलीं दुकानें- फोटो : MAHOBA