महोबा। कानपुर-सागर हाईवे में मामना मोड़ के समीप डंपर और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जबकि डंपर चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोग घायल हुए हैं।
शहर के लवकुश नगर तिराहा निवासी रामअवतार (43) किराए के मकान में रहता है। शुक्रवार की दोपहर वह ट्रैक्टर लेकर कस्बा श्रीनगर जा रहा था। तभी हाईवे में मामना मोड़ के समीप तेज रफ्तार डंपर से भिड़ंत हो गईं। हादसे में रामअवतार घायल हो गया। सिर में गंभीर चोटें आने के चलते डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
उधर सिजहरी निवासी क्रांति (24), मुख्यालय निवासी राकेश (21), तिंदौली निवासी आजाद (18) व उसका भाई आरिफ (16) ई-रिक्शा से श्रीनगर से महोबा आ रहे थे। रेलवे पुल के समीप दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय सड़क में बने गड्ढे में पहिया चला जाने से ई-रिक्शा पलट गया। जिससे चारों लोग घायल हो गए। इसी तरह चरखारी निवासी सरोज (40), सूपा निवासी उर्मिला (50), भुजपुरा निवासी ताहर सिंह (25) व स्वासा निवासी रामसिंह (21) अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।