खन्ना (महोबा)। जिले में डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। जिले में अब तक 34 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। वहीं ग्योडी निवासी किसान की डेंगू से ग्योड़ी के किसान की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
ग्योड़ी गांव निवासी किसान रणधीर यादव खेती किसान कर परिवार का पालन पोषण करता था। बीमार होने पर 24 अक्तूबर को परिजनों ने उन्हे कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां डेंगू की पुष्टि हुई थी। सोमवार को जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी रोशनी व तीन साल के बेटे सत्यम का रो रो कर बुरा हाल है। एक माह पूर्व कोटेदार जय नारायण की भी डेंगू से मौत हो चुकी है। गांव में दहशत का माहौल है।
सीएमओ डॉ. मनोज कांत सिन्हा ने बताया कि अब तक जिले में 34 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जिले में किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। रणधीर की मौत को लेकर अभी तक कोई भी सूचना प्राप्त नहीं हुई है। (संवाद)
बुखार से मासूम समेत दो की मौत
महोबा/कबरई। अलग-अलग स्थानों पर बुखार से मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई।
थाना कबरई के परसहा गांव निवासी किसान रामअवतार (41) के नाम तीन बीघा भूमि थी। खेती-किसानी के साथ वह मेहनत-मजदूरी का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। कई दिन से बीमार था, रविवार की रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी गीता ने बताया कि उसके पति ने 19 अक्तूबर को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगवाई थी। तभी से बुखार आ रहा था। कई जगह इलाज कराया लेकिन आराम नहीं मिला और मौत हो गई। बताया कि दो बेटियों व तीन बेटों में सबसे बड़ी बेटी ज्योति की शादी 30 नवंबर को तय है। पति की मौत के बाद से अब बेटी की शादी व बच्चों के भरण-पोषण की समस्या पैदा हो गई। इसी तरह छिकहरा निवासी शंकर के दस माह के पुत्र रोहित की बुखार से सोमवार की सुबह जिला अस्पताल में मौत हो गई। (संवाद)