कानपुर सागर हाइवे में ग्राम छानी कलां के समीप टायर फटने से तेज रफ्तार इंडिको कार पलट गई। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। एक की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
ग्राम छानीकला निवासी शिवपूजन (30) पुत्र राधाचरण अपने रिश्तेदार हमीरपुर के मौदहा निवासी अमर सिंह (28) पुत्र रामस्नेही, राजेश (24) पुत्र मुन्नी, चंदा व पप्पू के साथ सोमवार की सुबह इंडिको कार से पत्नी को लेने मौदहा जा रहा था। तभी छानी गांव से दो किमी आगे कार का अचानक टायर फट गया।
जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और खड्ड में गिर गई। दुर्घटना के बाद चीख पुकार सुनकर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
राहगीरों की मदद से सभी घायलों को 108 नंबर एंबुलेंस से सीएचसी कबरई पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि पप्पू व राजेश की हालत नाजुक होने पर महोबा रेफर किया।
हालत में सुधार न होने पर डाक्टरों ने राजेश को मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।