दुकान में हमले के बाद टूटी पड़ी बाइक
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के गांव डहर्रा स्थित क्रेशर प्लांट से गिट्टी लेने जा रहे दो ट्रक चालकों से मंगलवार देर शाम बाइकसवार बदमाशों ने लूटपाट की। दोनों से कुल 11 हजार रुपये लूट लिए। वाहनों में भी तोड़फोड़ की। एक ट्रक चालक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फतेहपुर के थाना मलवां के गांव कांधी का अजय कुमार शुक्ला पुत्र उमाकांत ट्रक चालक है। मंगलवार देर शाम अजय ट्रक लेकर क्लीनर हर्ष के साथ डहर्रा के क्रेशर प्लांट से गिट्टी लेने जा रहा था। इसी दौरान डहर्रा से लगभग एक किमी पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने ट्रक के आगे बाइक खड़ी कर दी।
ट्रक रुकते ही बदमाशों ने अजय की कनपटी में तमंचा अड़ा दिया और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने अजय की जेब से नौ हजार रुपये निकाल लिए। ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए। अजय ने बताया कि बदमाश उसे तब तक रोके रहे, जब तक डहर्रा मार्ग पर दूसरा ट्रक नहीं आ गया। इसे भी रोककर बदमाशों ने चालक फतेहपुर निवासी सोनू से मारपीट की। दो हजार रुपये भी लूट लिए। इसके भी शीशे तोड़ दिए। बदमाशों के भाग जाने के बाद अजय की पुकार पर वहां पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
यूपी 100 व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अजय कुमार की तहरीर पर शहर कोतवाली में लूट का मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बदमाशों की तलाश की जा रही है। दूसरा चालक बिना रिपोर्ट दर्ज कराए चला गया।