खन्ना (महोबा)। थाना खन्ना के ग्राम चिचारा में दहेज की मांग पूरी न होने पर युवती को पीटकर फांसी के फंदे में लटकाए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी, जिससे पीड़ित परिवार परेशान है। मृतका के पिता ने पुलिस उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराए जाने की मांग की है।
जनपद हमीरपुर के ग्राम रिंगवारा निवासी सुरेंद्र यादव ने अपनी पुत्री वंदना की शादी दो वर्ष पहले खन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम चिचारा निवासी जयकरण यादव के पुत्र सुरेन्द्र सिंह के साथ की थी। ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर युवती को प्रताड़ित करने लगे। 14 अगस्त को वंदना की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। तब मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर दहेज की मांग को लेकर पुत्री की हत्या कर शव फांसी में लटकाए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने पति सुरेंद्र, सास सुधा व ससुर जयकरन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि देवर रविंद्र व बहनोई मनोज को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी। जिससे आरोपी पीड़ित परिवार पर राजीनामा का दबाव बना रहे है। पीड़ित ने पुलिस उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी कराए जाने की मांग की है। आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। उधर थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
दहेज हत्या के आरोपियों को नहीं पकड़ रही पुलिस
- एक माह पहले युवती की संदिग्ध हालात में हुई थी मौत