महोबा। हजरत निजामुद्दीन से चलकर जबलपुर जाने वाली महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन में सीट को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दबंगों ने हरपालपुर स्टेशन में तीन यात्रियों की बुरी तरह मारपीट कर दी। इससे बोगी में सवार अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ जीआरपी थाना महोबा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कस्बा श्रीनगर निवासी जीतू, हरीशंकर व सुनील किसी कार्य से दिल्ली गए थे। महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से वापस लौटते समय सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद अन्य यात्रियों ने मामला शांत करा दिया लेकिन सीट न मिलने से नाराज दबंग युवकों ने अपने मित्रों को फोन कर हरपालपुर स्टेशन बुला लिया। जैसे ही, ट्रेन हरपालपुर स्टेशन पर रुकी तभी आधा दर्जन युवकों ने ट्रेन की बोगी में घुसकर तीन यात्रियों की बेरहमी से मारपीट कर दी और मौके से भाग निकले। मारपीट की घटना होने पर बोगी में सवार यात्री कुछ देर तक कुछ भी नहीं समझ पाए। बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव कराया।
घायल यात्रियों ने घटना की सूचना जीआरपी पुलिस को दी। यात्री जीतू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गाली-गलौज व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने जीतू, हरीशंकर व सुनील को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। जीआरपी थानाध्यक्ष अनुराग अवस्थी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।