महोबा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कालीपहाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर सास-बहू समेत चार लोगों को लाठी-डंडों से हमलाकर अधमरा कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। एक अन्य घटना में दबंग ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुुहान कर दिया।
ग्राम कालीपहाड़ी निवासी विमलेश पत्नी अखिलेश अहिरवार शाम को 7 बजे परिवार सहित घर पर थी। तभी गांव के ही पांच लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और विमलेश पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर सास, ननद व देवर बीच-बचाव करने दौड़े तो दबंगों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। बाद में, आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। विमलेश की तहरीर पर पुलिस ने कल्लू राजपूत, रोहन, सोहन, देव सिंह व महेश के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दूसरी घटना केे डाकबंगला चौराहे में घटी। मोहल्ला सुभाषनगर निवासी मुन्ना रैकवार के पुत्र रविंद्र का पड़ोस में ही किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर पड़ोसियों ने उसकी मारपीट कर दी। धारदार हथियार से हमला होने पर रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के पिता ने शहर कोतवाली में सिक्खू पुत्र राजाराम समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घायल को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।