चरखारी/श्रीनगर। दो अलग-अलग जगह रविवार को आग लग गई। एक जगह गेहूं के खेत में आग लगने से फसल जलकर राख हो गई। वहीं, दूसरी जगह ट्यूबवेल में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें पास ही स्थित किसान के घर तक पहुंच गई और गृहस्थी का सामान जल गया। दोनों घटनाओं में हजारों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
श्रीनगर थाना क्षेत्र के गांव अतरार माफ निवासी सुरेंद्र सिंह के पास 25 बीघे खेत है। उन्होंने दस बीघे खेत में गेेहूं की फसल की बुुआई की थी। फसल काटने के बाद मड़ाई के लिए खेत में दो-तीन स्थानों पर रखी हुई थी। रविवार को अचानक खेत में आग लग गई। आग की लपटों ने खेत में रखी फसल का चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई, जिससे खेत के दूसरे हिस्से में रखी फसल को बचा लिया गया लेकिन हजारों रुपयों का भूसा जल गया।
वहीं, चरखारी प्रतिनिधि के मुताबिक गांव करहरा खुर्द निवासी विश्वनाथ (55) पुत्र मकुंदी लाल के ट्यूबवेल पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे ट्यूबवेल के पास बना ग्रामीण का मकान आग की चपेट में आने से जल गया। मकान में रखा 10 हजार रुपये नगद, गृहस्थी का सामान व हार्वेस्टर से गेहूं कटवाने के लिए 10 हस्ती पाइप सामान जलकर राख हो गया है। उधर, तहसीलदार परशुराम पटेल ने बताया कि दैवी आपदा पर लाभ मिलता है, शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर नहीं। फिलहाल वह लेखपाल को भेजकर मामले की जांच कराएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।