पनवाड़ी महोबा। थाना पनवाड़ी के ग्राम नौगांव फदना रोड में घर में घुसकर लूटपाट करने और विरोध करने पर युवक को गोली मार दिए जाने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद किए है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कालपी और उरई थाना जनपद जालौन में विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज है।
कस्बे के नौगांव फदना रोड निवासी छत्रपाल पुत्र संभुदयाल रविवार की रात घर पर परिवार सहित सो रहा था तभी दो बदमाशों ने घर में घुसकर 10 हजार की नगदी, आभूषण व मोबाइल लूट लिए थे। आहट पाकर छत्रपाल के पुत्र नरेंद्र के जाग जाने और विरोध करने पर उसे गोली मार दी थी। जिससे वह घायल हो गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। थाना पनवाड़ी के उपनिरीक्षक देवेंद्र शुक्ला ने चेकिंग के दौरान शेरगढ़ मार्ग से दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध तमंचा व कारतूस व चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। आरोपियों ने घर में धुसकर लूटपाट व गोली मारने की बात स्वीकारी। पकड़े गए आरोपियों में उवैश पुत्र पप्पू खां निवासी न्यू पटेल नगर उरई व सुनील राजपूत निवासी ग्राम त्योरना जरिया हमीरपुर शामिल है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवकों पर जनपद जालौन के कालपी व उरई थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमें दर्ज है।
गोली मारने वाले दो बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे
फालोअप
- घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस किया गया बरामद
- जालौन जनपद में दोनों आरोपियों पर दर्ज है विभिन्न आपराधिक मुकदमे