चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के एक गांव में दबंगों ने हाईस्कूल की छात्रा को घर से अगवाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने पहले उसको बुरी तरह से मारापीटा और बाद में खींचते हुए घर से ले गए। छात्रा के शोर-शराबा मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता की मां ने घटना की तहरीर कोतवाली चरखारी में दी है। कोतवाली प्रभारी ने मामले की जांच गौरहारी चौकी इंचार्ज को सौंप दी है।
कोतवाली चरखारी के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। वह अपने छोटे भाई के साथ घर पर रहकर पढ़ती है जबकि उसके माता-पिता दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। शुक्रवार की रात छात्रा घर पर थी जबकि छोटा भाई दुकान से कुछ सामान लेने गया था। तभी गांव के ही तीन युवक मौका पाकर घर में घुस गए और किशोरी को जबरन खींचकर समीप में बने अपने घर में ले जाने लगे। विरोध करने पर युवकों ने किशोरी की बुरी तरह मारपीट की और छेड़खानी की।
युवकों द्वारा छात्रा को खींचकर घर ले जाने के दौरान पीड़िता ने शोर-शराबा मचाया तो पड़ोसी घरों से बाहर निकल पड़े। जब आरोपियों ने ग्रामीणों को अपनी ओर आते देखा तो वह किसी से कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। शनिवार को घर वापस लौटी मां ने पीड़िता के साथ चरखारी कोतवाली पहुंच घटना की तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी चरखारी अनूप कुमार दुबे का कहना है कि मामले की जांच चौकी इंचार्ज गौरहारी स्वतंत्र कुमार को सौंपी गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।