महोबा। रैपुराकलां गांव में दो दिन पहले विवाहिता की आग से जलकर संदिग्ध हालात में मौत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की विवेचना करते हुए आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
थाना पनवाड़ी के नटर्रा गांव निवासी धर्मपाल ने अपनी पुत्री विमलेश की शादी तीन वर्ष पहले रैपुराकलां निवासी हरीसिंह पाल के साथ की थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दान-दहेज दिया था। शादी के बाद से ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। 23 मार्च को विमलेश संदिग्ध हालात में घर पर आग की चपेट में आ गई थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता धर्मपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पति व ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पुत्री को प्रताड़ित किया और आग से जलाकर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति हरीसिंह, ससुर करन सिंह, सास संपत, जेठ ख्याली व जेठानी सोमवती के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।