श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे पर 23 दिन पहले मूंगफली व्यापारी से हुई 7.83 लाख रुपये की लूट के मुख्य आरोपी से 2.50 लाख की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया था।
मध्य प्रदेश के नौगांव निवासी कृपाराम कुशवाहा दो मार्च की रात बनारस से मूंगफली का दाना बेचकर डीसीएम से चालक के साथ वापस लौट रहा था। हाईवे में सूरा चौकी के समीप बोलेरो सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर 7.83 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने नौ मार्च को भूपेंद्र सिंह व रिंकू अहिरवार को गिरफ्तार कर 1.20 लाख रुपये व घटना में प्रयुक्त बोलेरो बरामद की थी। इसके बाद तीसरे आरोपी कैलाश अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर 55 हजार रुपये बरामद किए थे। मुख्य आरोपी कप्तान सिंह उर्फ बलवंत सिंह निवासी नौगांव ने 18 मार्च को जिला न्यायालय की डकैती कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने पुलिस को 12 घंटे की रिमांड दी थी। आरोपी की निशानदेही पर फुटेरा गांव के पास सिंचाई विभाग के खंडहर पड़े भवन से बैग बरामद किया गया। इसमें लूट के ढाई लाख रुपये मिले। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि अभी तक चार आरोपियों से 4.25 लाख की नकदी बरामद की जा चुकी है।