बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर में व्यापारी व व्यापार मंडल के पदाधिकारी के खाते से साइबर ठगों ने 19,700 रुपये की नकदी पार कर दी। मैसेज आने पर व्यापारी ने बैंक पहुंच जानकारी ली और खाते को होल्ड कराया। ताकि शेष धनराशि सुरक्षित बच सके।
जैतपुर निवासी व्यापार मंडल के युवा महामंत्री शिवम सोनी के मोबाइल पर 19,700 रुपये निकलने का मैसेज आया। खाते से अचानक रकम कटने पर व्यापारी के होश उड़ गए। पीड़ित ने इंडियन बैंक जाकर खाते से संबंधित जानकारी की तो पता चला कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके एटीएम से शॉपिंग कर रहा है। जिस पर पीड़ित ने तत्काल बैंक खाता व एटीएम होल्ड कराते हुए पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि तीन माह पहले वह मुंबई गया था। वहां कई मॉल व शोरूम में एटीएम से खरीदारी की थी। पीड़ित ने चौकी में तहरीर देकर साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।