पनवाड़ी (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर एक मुनीम के साथ हुई 1.83 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नगदी, बाइक व तमंचे बरामद किए गए। एसपी ने एसओजी व थाना पनवाड़ी पुलिस की संयुक्त टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
शहर के मिलकीपुरा निवासी मोहम्मद लतीफ एक कपड़ा दुकान में मुनीम है। 26 अक्तूबर को वह राठ से 1.83 लाख रुपये लेकर अपने दामाद शाहिद फजल के साथ बाइक से महोबा लौट रहा था। तभी भरवारा नहर पुल के पास तीन बदमाशों ने तमंचा लगाकर रुपये से भरा बैग लूट लिया था। एसपी ने लूट की घटना के खुलासे के लिए एसओजी व थाना पनवाड़ी पुलिस को लगाया था।
सोमवार की रात एसओजी प्रभारी राहुल परमार, स्वाट प्रभारी शाजिद अली खां, थाने के एसआई श्रीपाल सिंह ने पुलिस टीम के साथ भरवारा गांव के पास से आरोपी मुकेश अनुरागी, राजेश अनुरागी निवासीगण कुल्हेड़ा हमीरपुर व शानू उर्फ अता मोहम्मद निवासी पनवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 44 हजाप 500 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त बाइक, दो तमंचा व मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस लाइन में एसपी सुधा सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पनवाड़ी निवासी शानू को वसूली की जानकारी थी। उसने अपने दो साथियों के साथ योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया है। सभी आरोपियों को जेल भेजा गया।