चरखारी (महोबा)। नगर पालिका चरखारी के सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन कर बकाया मानदेय मांगा है। इसके बाद कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग की।
नगर पालिका के ठेका कर्मियों का फरवरी माह से भुगतान नहीं किया गया। शुक्रवार को पालिका कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी कृष्ण कुमार ने कहा कि मानदेय न मिलने से उनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। वह बच्चों का स्कूलों में दाखिला भी नहीं करा पा रहे हैं। सूचना पर पहुंचे पालिका ईओ केके सोनकर ने एक माह का भुगतान तत्काल करने और बजट आवंटित होने पर शेष भुगतान कराने का भरोसा दिया।
इसके बाद कर्मचारियों ने उप जिलाधिकारी अरुण कुमार दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में विजय, किशन, राधेमोहन, प्रताप, आदिल आदि कर्मचारी शामिल रहे।