परथनिया गांव के समीप खड़ी रोडवेज की खराब हुई बस।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। बुधवार को महोबा-मुस्करा मार्ग पर परथनिया गांव के समीप रोडवेज बस अचानक खराब हो गई। एक घंटे तक बस स्टार्ट न होने पर दूसरे वाहनों से यात्री गंतव्य के लिए रवाना हुए। पांच दिन में पांच अलग-अलग स्थानों पर रोडवेज बसें बीच राह में दगा दे चुकी हैं।
महोबा रोडवेज डिपो में 116 बसें शामिल हैं। दो बसें अनुबंधित हैं। अधिकांश बसें खटारा हो चुुकी हैं। इनकी मरम्मत कराकर विभिन्न रूटों पर दौड़ाया जा रहा है। बुधवार दोपहर मुस्करा से 20 सवारियां भरकर रोडवेज बस महोबा आ रही थी। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर परथनिया गांव के पास बस अचानक खराब हो गई। यात्री एक घंटे दूसरी बस आने का इंतजार करते रहे। बस न पहुंचने पर उन्होंने परिचालक से किराया वापस मांगा और दूसरे वाहनों से रवाना हो गए।
बस में सवार यात्री दिलीप, प्रमोद, गरिमा का कहना है कि रास्ते में बस खराब होने से उनके समय की बर्बादी हुई। एआरएम हेमंत मिश्रा का कहना है कि बसें पुरानी होने से दिक्कत आ रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए 25 नई बसों की मांग की गई है। बसें मिलने पर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।