खन्ना (महोबा)। सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटाने के लिए एंटी भू माफिया टीम सक्रिय हो गई है। टीम ने सोमवार को विकासखंड कबरई के कुलकुआं गांव में तालाब किनारे अवैैध कब्जा कर बनाए गए 20 लोगों के कच्चे मकान गिरा दिए। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई।
खन्ना थाना क्षेत्र के कुलकुआं गांव में तालाब के किनारे सरकारी भूमि पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए हैं। राजस्व विभाग की टीम ने एक माह पहले 30 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए थे। साथ ही उनको अतिक्रमण हटाने की भी चेतावनी दी थी, लेकिन दबंगों ने कब्जा नहीं हटाया।
सोमवार दोपहर एंटी भू माफिया टीम में शामिल राजस्व निरीक्षक करन सिंह, लेखपाल गोविंद शुक्ला, अजय वर्मा, राकेश कुमार आदि ने थाना पुलिस के साथ गांव पहुंच अवैध कब्जे हटवाए। इस दौरान जेसीबी मशीन से 20 कच्चे व अस्थाई निर्माण ढहाए गए, जबकि 10 पक्के निर्माण धारकों को कब्जा हटाने की हिदायत दी गई। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि सरकारी भूमि खाली न करने वालों के खिलाफ धारा 67 के तहत मामला दर्ज कराया जाएगा।