चरखारी (महोबा)। चरखारी-महोबा मार्ग पर मदारन देवी मंदिर के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अनियंत्रित पिकअप दुकान में घुसने से मासूम समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
कोतवाली चरखारी के सूपा गांव निवासी सतेंद्र राजपूत (22) शनिवार की शाम किसी कार्य से चरखारी गया था। रात करीब 11 बजे बाइक से लौटते समय मदारन देवी मंदिर के समीप किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवार के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
इसी तरह गोवर्धन नाथ मेला परिसर में तेज रफ्तार पिकअप बाइकों से टकराते हुए चाय की दुकान में घुस गई। दुर्घटना में चाय की दुकान में खड़ी राधा व हजारीलाल घायल हो गए। उन्हें सीएचसी चरखारी पहुंचाया गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।