महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर ट्रक को ओवरटेक करने में ऑटो अनियंत्रित हो पेड़ से टकरा गया। हादसे में ऑटो में सवार छह लोग घायल हो गए। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना कबरई के रिवई गांव निवासी मइयादीन (60), अपने भाई भगवानदास (50), चचेरे भाई प्रेमबाबू (40), कबरई निवासी राजू (28) व मौदहा निवासी रामखिलावन (45) के साथ कस्बा मौदहा से ऑटो में सवार होकर कबरई आ रहे थे। रास्ते में चिचारा गांव के समीप ऑटो चालक एक ट्रक को ओवरटेक करने लगा। तभी ट्रक के पिछले हिस्से से टकराकर अनियंत्रित हुआ ऑटो पेड़ से जा टकराया। जिससे ऑटो में सवार यात्री व चालक मुन्ना (28) घायल हो गए।
कस्बा कबरई के नहदौरा गांव निवासी चंद्रपाल (45) सोमवार की शाम बाइक से महोबा आ रहा था। तभी रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक घायल हो गया। इसी तरह सुभाष नगर निवासी राज वर्मा (16), सिरमौर निवासी रानी (24), जरौली निवासी मुस्कान (15) व नयापुरा नैकाना निवासी सत्यरूपा (65) अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। जहां से रानी, चंद्रपाल व रामखिलावन की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।