अजनर (महोबा)। कस्बे के सुखानंद विद्यालय में सांसद खेल स्पर्धा के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 200 मीटर दौड़ में अजय व पिंकी ने बाजी मारी। विजेता प्रतिभागियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
सांसद खेल स्पर्धा में गुढ़ा, मगरिया, सगुनिया, अजनर आदि विद्यालयों के बच्चों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में अजय प्रताप सिंह ने अव्वल रहे जबकि रामजीवन को दूसरा और विनीत को तीसरा स्थान मिला। बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में पिंकी प्रथम, अभिलाषा द्वितीय व हर्ष कुमारी तृतीय स्थान रहीं। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में विनीत कुशवाहा ने बाजी मारी जबकि मोहित पाल को दूसरा और लवकुश राजपूत को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
कबड्डी प्रतियोगिता में सुखानंद टीम ए और टीम बी के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें टीम बी ने 24 अंक हासिल किए। वहीं टीम ए ने 26 अंक हासिल कर विजेता बनी। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नन्हेराम अनुरागी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शिवशंकर राजपूत, तकनीकी सहायक बृजबिहारी पटैरिया मौजूद रहे। अधिकारियों और ग्राम प्रधान ने विजेताओं को मेडल सौंपकर पुरस्कृत किया।