श्रीनगर (महोबा)। विकास खंड कबरई के पिपरामाफ गांव के देशी शराब ठेके से ओवररेट शराब बेचने का वीडियो वायरल होने के बाद डीएम के आदेश पर आबकारी विभाग ने जांच की। स्वयं ग्राहक बनकर पहुंचे आबकारी निरीक्षक को 50 रुपये के स्थान पर 60 रुपये का क्वार्टर दिया गया। इस पर आबकारी निरीक्षक ने ठेकेदार पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही शराब ठेके का अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई के लिए लिखा पढ़ी की बात कही।
ग्रामीण क्षेत्रों में शराब ठेकों से निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूले जाने की शिकायतें लगातार हो रही हैं। पिपरामाफ गांव के देशी शराब ठेका पर अधिक दाम पर शराब बेचने का वीडियो तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। डीएम सत्येंद्र कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए आबकारी विभाग को जांच के आदेश दिए थे। आबकारी निरीक्षक योगेेश कुमार ने ओवररेट पकड़ने के लिए स्वयं ग्राहक बनकर शराब खरीदी। 50 रुपये में बिकने वाला क्वार्टर 60 रुपये में दिया गया। इसके बाद आबकारी निरीक्षक ने सेल्समैन को कड़ी फटकार लगाई।
आबकारी निरीक्षक ने ओवररेट शराब बेचने वाले ठेकेदार पर 75 हजार रुपये जुर्माना लगाया। बताया कि सेल्समैन ओवररेट पर शराब बेच रहा था। इस पर जुर्माना किया गया। शराब ठेके का अनुबंध समाप्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित दर से अधिक शराब बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।