महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां गांव निवासी अभिषेक किसी कार्य से बाइक से महोबा आ रहा था। तभी संत जोसफ्स हाईस्कूल के समीप एक अन्ना मवेशी से बचने में बाइक फिसल गई। जिससे युवक घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं मोहल्ला मलकपुरा निवासी रोहित बाजार से सब्जी लेकर घर जा रहा था। एकाएक गड्ढे में बाइक चली जाने से घायल हो गया। इसी तरह सलारपुर निवासी ऊषा , नैंगवा छतरपुर निवासी लाड़कुंवर , टिकरिया राठ निवासी सुनील, सतारी निवासी कमलेश , अजनर निवासी अजय व छिकहरा निवासी कालीचरन अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।