महोबा। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में शनिवार को सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान 89 शिकायतें आईं। जिसमें से महज 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें सर्वाधिक रहीं।
समाधान दिवस में शिकायतें दर्ज कराने के लिए सुबह से ही फरियादियों की भीड़ जुटी। नथूपुरा निवासी विजय कुमार, मुन्ना, रामभजन, इंदल, सिद्धगोपाल आदि ने डीएम को शिकायत देकर बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से उन्हें भूमि के पट्टे किए गए थे। जिस पर कब्जा भी दिया गया था लेकिन अब दबंग उनकी पट्टे की भूमि पर कब्जा कर फसल बर्बाद कर रहे हैं। विरोध करने पर जान माल की धमकी दी जा रही है। सुभाषनगर निवासी कल्याण ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बेटी का आरटीई के तहत शहर के बीजानगर रोड स्थित स्कूल में प्रवेश हुआ था। फीस प्रतिपूर्ति प्रक्रिया में गलत बैंक खाता अंकित हो गया। इससे उसकी बेटी की फीस प्रतिपूर्ति नहीं हो रही है। इसी तरह जकरियापीर निवासी ममता ने बताया कि उसने छह फरवरी 2025 को प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक आवास की जांच नहीं हुई। बारिश के मौसम में कच्चा मकान टपक रहा है। समस्या का समाधान कराया जाए। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियोंं को एक सप्ताह के अंदर निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह, सीडीओ बलराम कुमार, एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, कुलपहाड़ तहसील मेंं आयोजित समाधान दिवस में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन नामदेव ने किसानोंं को कंप्यूटरीकृत खतौनी न मिलने की शिकायत की।
कमिश्नर व डीआईजी ने सुनीं समस्याएं
मौदहा। नगर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अचानक कमिश्नर संजीव कुमार व डीआईजी राजेश एस भी पहुंचे। जिन्हें देख फरियादियों का समस्या के जल्द निस्तारण की आस जगी। 74 मामलों में केवल तीन ही मामले का निस्तारण मौके पर होने से अन्य फरियादियों के चेहरों में मायूसी दिखाई दी। कमिश्नर ने फरियादियों की समस्याओं को समय रहते जांच पड़ताल कर उनके निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिला अधिकारी राजकुमार गुप्ता व पुलिस क्षेत्राधिकारी विनीता पहल, कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह, वन क्षेत्राधिकारी सुरेश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।