महोबा। कोरोना से बचाव के लिए शुरू हुए टीकाकरण अभियान का एक वर्ष पूरा हो गया है। अभियान की शुरूआत 16 जनवरी 2021 से हुई थी। अब तक 88 फीसदी लोग पहली व 54 फीसदी लोगों ने दूसरी टीके की दूसरी डोज भी लगवा ली है।
बता दें कि कोविड टीकाकरण को एक साल पूरा हो गया है। टीकाकरण अभियान में जिले के डॉक्टर, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई है। सीमित संसाधनों के बाद भी स्वास्थ्य कर्मियों ने बेहतर प्रयास किए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुधाकर पांडेय ने बताया कि जनपद में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 6.48 लाख आबादी को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य था।
इसके सापेक्ष 5.72 लाख यानी 88 फीसद लोगों ने टीके की पहली डोज लगवाई है। सीएमओ ने बताया कि संक्रमण की रफ्तार में कमी आने पर लोगों में दूसरी डोज को कुछ लापरवाही नजर आई थी। समय पूरा होने के बाद भी टीकाकरण केंद्र तक नहीं आए लेकिन अब जब संक्रमण की रफ्तार बढ़ी तो टीका लगवाने वालों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। जनपद में 17 जनवरी 2022 तक 3,48,386 यानी 53.72 फीसद लोगों ने टीके की दूसरी डोज लगवा ली है।