महोबा/श्रीनगर। तेज आंधी व बारिश से श्रीनगर फीडर से जुड़ी भूमिगत केबल में फाल्ट हो गया। जिससे 42 गांवों की बिजली गुरुवार की रात गुल हो गई। रातभर बिजली न आने से उर्मिल बांध से जलापूर्ति प्रभावित रही। सुबह खराबी दूर हो सकी। वहीं शहर में फीडर में खराबी आ जाने से शहर आधे हिस्से में नौ घंटे आपूर्ति बंद रही।
जिले में गुरुवार की रात करीब 11 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई है। जिससे पठा फीडर में खराबी आ गई। गर्मी व उमस के चलते लोग परेशान रहे। रामप्रकाश, प्रमोद, देवीदीन आदि का कहना है कि रात में बिजली न आने पर कई बार विभागीय अधिकारियों को फोन लगाया लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई। बिजली विभाग के एसडीओ अनूप कुमार का कहना है कि आंधी बारिश से इंसुलेटर खराब हो गए थे। जिन्हें दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई है। नौ घंटे आपूर्ति प्रभावित रही।
श्रीनगर संवाद के अनुसार पठा फीडर से जुड़े श्रीनगर फीडर की भूमिगत केबल में फाल्ट होने से कस्बा समेत 42 गांव की बिजली चली गई। बिजली न आने से टंकी नहीं भर सकी। जिससे उर्मिल बांध से होने वाली आपूर्ति प्रभावित रही। अवर अभियंता जयवीर सिंह ने बताया कि बिजली लाइन में फाल्ट होने से आपूर्ति प्रभावित हुई। सुबह खराबी दूर होने के बाद आपूर्ति बहाल हुई।