महोबा। भगवती मानव कल्याण संगठन व पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्घाश्रम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मां जगदंबा की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें शंखध्वनि के बीच मातारानी के जयकारे गूंजते रहे। इस दौरान भक्तों ने नशा व मांसाहार मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
शहर के एक गेस्ट हाउस में आयोजित महाआरती में सुबह से ही शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों की संख्या में भक्तों की भीड़ जुटी रही। थाल सजाकर भक्तों ने मां जगदंबा की आरती की। इस मौके पर संगठन के प्रांतीय उपमंत्री रामसिंह गौर ने कहा कि महाआरती का मुख्य उद्देश्य समाज में नशा व मांसाहार मुक्त जीवन जीने का संदेश देते हुए मां की ज्योति घर घर में जलवाना है। टीम प्रमुख रेखा कुशवाहा ने कहा कि नारी शक्ति का हर काल में महत्व रहा है। महिलाएं अपनी शक्ति को जागृत कर जन कल्याण में अपने आपको समर्पित करें। उन्होंने गुरुवर द्वारा प्रदत्त साधना क्रियाओं की जानकारी दी। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष रामबाबू श्रीवास, जिला प्रभारी धीरेंद्र सिंह, मातादीन, अखिलेश कुमार शिवहरे, बाबूलाल, चंद्रभान, कुसुम, खुशी, अनुसुइया, सरमन सहित सैकड़ों की संख्या में भक्त मौजूद रहे।