महोबा। जिले में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर पालिका चरखारी की पोल खोल दी। जगह-जगह जलभराव के चलते लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि तेज बारिश से मौसम खुशगवार हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। नालों की सफाई न होने से पानी की निकासी न हो पाने से सड़कों व गलियों में पानी भर जाने से लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि पिछले एक पखवाड़े से तापमान बढ़ने के कारण आसमान से उगल रही आग और गर्म हवाओं के थपेड़ों के चलते लोगों का जीना दुश्वार हो गया था। लोग भीषण गर्मी से बेचैन थे। सहालग के बाद भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता। रविवार को शाम 4.30 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश 5.25 बजे बंद हुई। पौने घंटे की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। मौसम सुहावना हो जाने से लोगों ने घरों से निकलकर मौसम का आनंद लिया।
नालों की सफाई न कराने से पहली बारिश में जगह-जगह पानी भर जाने लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि पालिका प्रशासन ने सफाई अभियान शुरू करा दिया लेकिन देर से नालों की सफाई सड़कों पर एकत्र नालों का कचरा पुन: बारिश होने से नालों में चला गया। इसके अलावा नई बस्तियों में भी जल निकासी की कोई सुविधा न होने के कारण रास्तों और गलियों में पानी भरने से मार्ग कीचड़युक्त हो गए।