बागापार। मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा करौता के ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव में जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी जिम्मेदार गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मुख्य सड़क पर घरों से निकलने वाले दूषित पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे सड़क पर जलभराव रहता है। रास्ते से गुजरने वाले लोग पानी में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। जलजमाव से मच्छरों का भी प्रकोप बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम प्रधान एवं ब्लाॅक स्तर से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। समस्या का समाधान न होने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस दौरान सुरेंद्र, प्रदीप चौधरी, सोनी, कौशिल्या, हरि, पन्नेलाल, रामनयन, महेंद्र, रमेश, संदीप, सुशीला, सीमा, निशा, बिट्ठल आदि मौजूद रहे।