निचलौल। भारत-नेपाल बॉर्डर पर तस्करी का खेल थम नहीं रहा है। शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने बार्डर पर नेपाल से भारत लाई जा रही बालू और भारत से नेपाल भेजी जा रही धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ ली। तस्कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, भारत-नेपाल बॉर्डर पर अवैध धंधा और अपराध को रोकने के लिए लगी सुरक्षा एजेंसियों की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नेपाल के नारायणी नदी से बालू की खनन कर अवैध तरीके से पिलर संख्या 499/4 से सटे कनमिसवा गांव के पास पगडंडी के रास्ते बॉर्डर पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने वाले हैं।
सूचना के बाद टीम मार्ग का तत्काल घेराबंदी कर ली। इसी बीच बालू लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नेपाल से भारतीय सीमा में आती दिखाई दी। जिसे टीम रोकने का प्रयास किया, तो तस्कर बालू लदी वाहन छोड़ मौके से भाग निकले। जबकि टीम बालू लदी वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इसी तरह कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के भारत नेपाल बार्डर के पिलर संख्या 504/9 से सटे गांव चटिया के पास से धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तस्कर नेपाल भेजने के फिराक में थे। इसी बीच सुरक्षा एजेंसियों की टीम धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। जबकि मौके से ट्रैक्टर चालक और अन्य तस्कर भागने में सफल रहे।
क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह ने कहा की भारत नेपाल बार्डर पर तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बनाई हुई है। इतना ही नहीं लोगों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है।