नेपाल के पशुपतिनाथ क्षेत्र में बंद टिकट काउंटर स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों को पूरा करते हुए बुधवार को फिर से खोल दिए गए। इन टिकट काउंटरों को कोरोना महामारी फैलने के बाद 30 अप्रैल 2020 को बंद कर दिया गया था। भारत को छोड़कर विदेशी पर्यटकों के लिए पशुपति क्षेत्र में घूमने के लिए तीन जगहों पर काउंटर बनाए गए हैं। विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तिलगंगा, वत्सलेश्वरी और गुहेश्वरी में काउंटर स्थापित किए गए हैं।
पशुपतिनाथ मंदिर कोष के कार्यकारी निदेशक डॉ. घनश्याम खातीवाड़ा ने बताया कि वर्तमान में तीनों काउंटरों से प्रतिदिन 100 पर्यटक पशुपति क्षेत्र में प्रवेश करते हैं। कोरोना महामारी फैलने से पहले 300 विदेशी पर्यटक प्रतिदिन टिकट खरीदने के लिए पशुपति क्षेत्र का भ्रमण करते थे।
पशुपति क्षेत्र में प्रवेश करते भारतीय पर्यटकों को छोड़कर विदेशी पर्यटकों से एक हजार नेपाली मुद्रा शुल्क लिया जाता है। कोरोना के बाद पशुपतिनाथ मुख्य मंदिर को फिर से खोल दिया गया है। खातीवाड़ा ने बताया कि पशुपतिनाथ के दर्शनों हेतु इच्छुक भक्तों के लिए मंदिर सुबह से खुला है। उन्होंने बताया कि पशुपति क्षेत्र में हो रही सभी धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां कोरोना प्रोटोकॉल को देखते हुए ही कराई जा रही है।