तीन उद्यमी करेंगे चार अरब से अधिक का निवेश
- लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में जिले के उद्यमियों के निवेश पर लगी मुहर
- उद्यम प्रोत्साहन केंद्र पर दिखाया गया ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह का सीधा प्रसारण, उद्यमियों ने उठाया लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में जिले के तीन उद्यमियों के चार अरब से अधिक के निवेश पर मुहर लगी। फार्मा क्षेत्र में शांति फाउंडेशन ट्रस्ट के ट्रस्टी विनय श्रीवास्तव जहां चार अरब के मेडिकल कॉलेज के विकास पर जोर देंगे, वहीं फर्नीचर उद्योग में रुचि रखने वाले गौरीशंकर गुप्ता पांच करोड़ एवं राइसमिल क्षेत्र में कार्य करने वाले मनोज चार करोड़ का निवेश करेंगे।
उद्यम प्रोत्साहन केंद्र में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह के लाइव प्रसारण कार्यक्रम को देख रहे उद्यमियों से सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने शुक्रवार को कहा कि सरकार की ओर से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किए जाने के लिए विभिन्न प्रकार की कवायदें की जा रहीं हैं। उद्यमी निवेश से न सिर्फ स्वयं व लोगों के विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे, बल्कि उनके इस कार्य से देश के विकास को भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उद्यम का दायरा विकसित है, इस पर गंभीरता पूर्वक कार्य करने की जरूरत है। नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल ने कहा कि उद्यमी, योजना का लाभ उठाते हुए स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का कार्य करें। उपायुक्त उद्यम अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि जिले में उद्यम के विकास की दिशा में असीम संभावनाएं हैं, उद्यमी योजनाओं से जुड़ते हुए अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का कार्य करें। इस दौरान सहायक प्रबंधक मनीष जायसवाल, अनुपम, दिनेश, प्रह्नाद सिंह, संजीव शुक्ल आदि मौजूद रहे।
----------
उद्यमियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के विचारों को सुुना
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चल रहे इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को उद्यमियों ने ध्यान से सुना। लगभग 50 से अधिक उद्यमियों ने भविष्य में अपने व्यवसाय को और विस्तृत रूप देने की बात कही।