महराजगंज। उमस भरी गर्मी के बीच पूरे दिन बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया। रविवार का दिन होने के कारण दफ्तर और स्कूल बंद रहे। बच्चे घर पर ही रहे। ऐसे में बिजली कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया। गर्मी के कारण पसीना से तरबतर लोगों ने हाथ पंखा का सहारा लिया।
जनपद के कई क्षेत्रों में दोपहर के समय जलापूर्ति नहीं हुई। घरों में पानी के लिए लोग परेशान हुए। दिन में कटी बिजली सायंकाल छह बजे के बाद आई। शहर में भीषण विद्युत कटौती से लोग जूझते रहे। एक तरफ उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे तो दूसरी तरफ बिजली कटौती ने जीना मुहाल कर दिया। गांधीनगर, इंदिरा नगर, शास्त्री नगर, शाहूजी महाराज नगर, चिउरहा, नेहरूनगर आदि क्षेत्रों में दो घंटा तक बिजली नहीं आई तो लोग विभाग को कोसते नजर आए। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता वाई पी सिंह ने बताया कि शहर में फाल्ट के कारण विद्युत कटौती हुई। जिसे सही कराया जा रहा है।
तीखी धूप और गर्मी ने बढ़ाई मुसीबत
बारिश के बाद तल्ख धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। अधिक गर्मी के कारण दिन के सड़क पर लोगों की आवाजाही कम दिखी। इलाज कराने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे लोग पसीना से तरबतर नजर आए। गर्मी से घरों में बच्चे और महिलाएं अधिक परेशान नजर आईं।