महराजगंज। शारदीय नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। व्रत रखने वाले श्रद्धालु इस दौरान कन्या पूजन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। बृहस्पतिवार को एक परिषदीय स्कूल में शिक्षण कार्य समाप्ति के बाद शिक्षकों ने कन्या पूजन का कार्यक्रम आयोजित कर स्कूल में पढ़ने वाली कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराने के बाद आशीर्वाद लिया।
सदर ब्लाॅक के चिउरहा प्राथमिक स्कूल में दोपहर दो बजे कन्या पूजन का कार्यक्रम हुआ। सर्वप्रथम प्रधानाध्यापिका शांति देवी ने बालिकाओं का पैर धुलाकर उन्हें आसन ग्रहण कराया। तिलक लगाकर चुनरी देते हुए हलवा पूरी और चना भोजन के रूप में दिया। उनके अलावा स्कूल की शिक्षा मित्र पूनम त्रिपाठी और अंबिका पटेल ने भी देवी पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेकर आशीर्वाद की कामना की।
प्रधानाध्यापिका ने कहा कि स्कूल में तैनाती के कारण कन्या पूजन के लिए घर पर समय नहीं मिलता। इसलिए स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल परिसर में ही कन्या पूजन कर आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम के जरिए अभिभावकों को बालिका शिक्षा की जरूरत के बारे में भी बताया गया।