महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को तत्काल पूरा करें। शिकायतों का निस्तारण विकास खंड स्तर पर किया जाए, जिससे पीड़ित जिले तक समस्याएं लेकर न आएं। विकास कार्यों में लापरवाही मिली तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड सिसवा और घुघुली के निरीक्षण के बाद ब्लाॅक सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास मुख्यमंत्री आवास, मनरेगा कार्य, शौचायल निर्माण, स्वयं सहायता समूह आदि की समीक्षा की। उन्होंने कहा शासन की योजनाओं को समय से पूरा कराया जाए। योजनाओं को पूरा होने में विलंब होने पर कारण स्पष्ट बताना होगा। एकाउंटेट नियमानुसार काम करें। गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्लाॅक के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने रिकाॅर्ड रूम में फाइलों के रख रखाव समेत विकास खंड परिसर में बने विभिन्न कार्यालयों की स्थिति को देखा। इस मौके पर उन्होंने अधिनस्थों से योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों की जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड परिसर में पौधरोपण किया।
इस अवसर पर ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी, एडीओ पंचायत सुजीत गौंड, राधेश्याम चौधरी, सौरभ चौधरी, नीरज सिंह मौजूद रहे।